छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाअभियान तेज: अब तक 70,979 किसानों से 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा गया
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाअभियान तेज: अब तक 70,979 किसानों से 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा गया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान पूरी रफ्तार और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 23 नवंबर तक राज्य के 70,979 किसानों से कुल 2,78,010 मीट्रिक टन धान की खरीदी पूरी कर ली गई है।
एक ही दिन में 63 हजार मीट्रिक टन से अधिक की रिकॉर्ड आवक
खरीदी अभियान में तेजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 23 नवंबर को एक ही दिन में 63,074 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई। चालू खरीफ सीजन में धान बेचने के लिए प्रदेश भर में 28 लाख से अधिक किसानों ने अपना पंजीयन कराया है।
360 नए केंद्र और ऑनलाइन टोकन से किसानों को मिली बड़ी राहत
अन्नदाताओं को अपने गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा देने के लिए राज्य सरकार ने इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्र खोले हैं। वर्तमान में प्रदेश के 2,461 उपार्जन केंद्रों पर धान की आवक सुचारू रूप से जारी है।
पूरी प्रक्रिया को बिचौलियों से मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए लागू की गई ऑनलाइन टोकन प्रणाली किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रही है। किसान अब घर बैठे मोबाइल के जरिए अपनी सुविधा अनुसार धान बेचने की तारीख तय कर रहे हैं। राज्य में अब तक 5 लाख से अधिक ऑनलाइन टोकन जारी किए जा चुके हैं।
3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि किसानों के परिश्रम का सम्मान और उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी उपार्जन केंद्रों पर बारदाना, तौल, पेयजल और छाया सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं, ताकि धान बेचने आने वाले किसी भी किसान को कोई असुविधा न हो।





