सट्टे के कर्ज और पारिवारिक कलह ने उजाड़ा पूरा परिवार: पहले पत्नी और बच्चों को मिठाई में दिया जहर, फिर रसोई में फंदे से झूला मुखिया; 5 महीने बाद SIT जांच में बड़ा खुलासा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*********************************
सट्टे के कर्ज और पारिवारिक कलह ने उजाड़ा पूरा परिवार: पहले पत्नी और बच्चों को मिठाई में दिया जहर, फिर रसोई में फंदे से झूला मुखिया; 5 महीने बाद SIT जांच में बड़ा खुलासा
रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर (मदनी चौक) में पांच महीने पहले हुए एक ही परिवार के पांच लोगों की सामूहिक मौत के मामले की गुत्थी विशेष जांच दल (SIT) ने सुलझा ली है। जांच रिपोर्ट में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि सट्टे के कारोबार में हुए भारी नुकसान, आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह से टूट चुके परिवार के मुखिया साजिद अली ने ही अपने पूरे परिवार को मौत के घाट उतारा था। उसने पहले पत्नी और तीन बच्चों को खाने व मिठाई में कीटनाशक मिलाकर खिलाया और चारों की मौत के बाद खुद रसोई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने अब मृतक साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट से हुई जहर की पुष्टि
मृतकों में साजिद अली की पत्नी राबिया बेगम, बेटा इरशाद अली और दो बेटियां शाहिना परवीन व हिरशिबा परवीन शामिल थीं। जांच के दौरान चारों मृतकों की जीभ पर एक जैसे छाले और पेट से एक जैसी तीखी दुर्गंध मिली थी। घटनास्थल से जब्त किए गए मिठाई के डिब्बे, पके हुए भोजन और दाल के सैंपल की एफएसएल (FSL) और विसरा जांच रिपोर्ट में चारों के शरीर में कीटनाशक (जहर) होने की पुष्टि हुई है।
आखिरी बार बेटे को फोन कर बुलाया, साथ बैठकर खाया खाना
SIT की जांच और गवाहों के बयानों से घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ गई हैं:
खास मिठाई का इंतजाम: घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह परिवार के साथ बैठकर खाना खाने के लिए बाजार से विशेष मिठाई भी लेकर आया था।
CCTV में कैद हुई आखिरी हलचल: 17 जुलाई की रात 12:28 बजे इरशाद घर पहुंचा था। अगले दिन सुबह 10:18 बजे साजिद को आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते हुए सीसीटीवी कैमरे में देखा गया। इसके बाद दरवाजा दोबारा नहीं खुला।
5 साल में 70 लाख का लेनदेन, फिर ठप हो गया सट्टे का कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया कि साजिद पहले बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था, लेकिन बाद में गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाने लगा। शुरुआत में अच्छी कमाई हुई—बैंक खातों की जांच में पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। हालांकि, वर्ष 2026 में उसका काम लगभग ठप हो गया और बैंक खातों में लेनदेन घटने के साथ ही उस पर आर्थिक दबाव बढ़ता गया।
‘नेताजी’ के नाम से मशहूर साजिद ने पहले भी जताई थी मरने की इच्छा
गोलबाजार इलाके में ‘नेताजी’ के नाम से पहचाने जाने वाले साजिद का स्वभाव अंतर्मुखी था और वह किसी से उधार भी नहीं लेता था। साल 2002 में शादी के बाद बेरोजगारी को लेकर घर में अक्सर विवाद होते थे, जिसके चलते 2007 में वह परिवार के साथ अलग रहने लगा था। रिश्तेदारों से भी उसकी दूरी बनी हुई थी।
जांच में यह भी पता चला कि घटना से करीब ढाई महीने पहले साजिद ने रायपुरा पेट्रोल पंप के एक सेल्समैन को फोन कर अपना दर्द बयां किया था। उसने कहा था कि न तो परिवार से संबंध अच्छे हैं, न स्थायी काम है और न ही खुद का घर—ऐसे हालात में अब उसका जीने का मन नहीं करता। हालांकि एक परिचित शेख मामदी ने उसे काम दिलाने का भरोसा भी दिया था, लेकिन आर्थिक और मानसिक टूटन के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।





