जांजगीर-चांपा: किराना दुकान की आड़ में चल रहा था शराब का काला कारोबार, शुष्क दिवस पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक
छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान की रिपोर्ट
*************************************
जांजगीर-चांपा: किराना दुकान की आड़ में चल रहा था शराब का काला कारोबार, शुष्क दिवस पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक
चार लोहे के दरवाजों के पीछे छिपाया था मदिरा का जखीरा; अकलतरा पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा, 95 हजार से अधिक का माल जब्त
अकलतरा (जांजगीर-चांपा)। 2 अक्टूबर ‘शुष्क दिवस’ (Dry Day) के अवसर पर अवैध मदिरा के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अकलतरा पुलिस ने किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके ठिकाने से भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के घर के भीतर गुप्त कमरे का पर्दाफाश करते हुए 56 हजार रुपये से अधिक की अवैध शराब बरामद की है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी
अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर नकेल कसने हेतु चलाए जा रहे अभियान के दौरान अकलतरा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली। सूचना के अनुसार वार्ड नंबर 13 का निवासी प्रकाश भारद्वाज अपने निवास स्थान पर किराना दुकान संचालित करने का ढोंग रचकर असल में अवैध शराब का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान की चारों तरफ से घेराबंदी की और रेड मारी।

चार लोहे के दरवाजों के पीछे बना था ‘सीक्रेट रूम’
पुलिस जब तलाशी लेने मकान के भीतर दाखिल हुई, तो शातिराना अंदाज देखकर दंग रह गई। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए घर के अंदर चार मजबूत लोहे के दरवाजों के पीछे एक गुप्त कमरा बना रखा था। पुलिस ने जब उन दरवाजों को खुलवाकर सीक्रेट रूम की तलाशी ली, तो वहां से अलग-अलग नामी ब्रांड्स की शराब का जखीरा बरामद हुआ।

104 लीटर शराब, नकदी व फ्रिज समेत 95,175 रुपये का सामान जब्त
अकलतरा पुलिस ने मौके से कुल 334 नग (लगभग 104 लीटर) अवैध शराब जब्त की है, जिसका बाजार मूल्य 56,560 रुपये आंका गया है। जब्त शराब में देशी प्लेन यूनिक, देशी प्लेन सुपर 36, गोवा स्पेशल व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर का स्टॉक शामिल है।
इसके अतिरिक्त, पुलिस ने मौके से:
बिक्री की रकम: ₹28,615 (नकद)
वोल्टास कंपनी का फ्रिज: अनुमानित कीमत ₹10,000
इस प्रकार कुल मिलाकर 95,175 रुपये का जुमला बरामद कर सीज किया गया है।
पुलिस अफसरों का मार्गदर्शन और वैधानिक कार्रवाई
यह पूरी प्रभावी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेण्डन यार्क के कुशल मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में अकलतरा थाना पुलिस की टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस ने आरोपी प्रकाश भारद्वाज को आबकारी कानून की सुसंगत धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।





