कोरिया में भीषण सड़क हादसा: दशगात्र से लौट रही महिलाओं से भरे ऑटो को पिकअप ने मारी टक्कर, 3 की मौत, 6 घायल; चालक फरार
छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान की रिपोर्ट
*************************************
कोरिया में भीषण सड़क हादसा: दशगात्र से लौट रही महिलाओं से भरे ऑटो को पिकअप ने मारी टक्कर, 3 की मौत, 6 घायल; चालक फरार
बैकुंठपुर/पटना:छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा के पास पिकअप और ऑटो के बीच हुई सीधी और भीषण भिड़ंत में 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 15 लोग सवार होकर बिलारो गांव में आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। जैसे ही ऑटो ग्राम सांवारावा के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मृत महिलाओं की पहचान
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
फुलकुंवर (50 वर्ष) — पति: महेंद्र सिंह
रामबाई (60 वर्ष) — पति: रामकुमार
फुलकुंवर (60 वर्ष) — पति: जगजीवन
तीनों मृतक महिलाएं ग्राम करहीपारा छिंदिया की ही निवासी थीं।
घायलों का उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और मृतकों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के साथ 6 घायल महिलाओं का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पिकअप चालक व वाहन की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।





