लिफ्ट मांगने पर खूनी विवाद: भिलाई में ढाबा संचालक की चाकू गोदकर हत्या, नाबालिग लड़की समेत 3 गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***********-************************

 

 

लिफ्ट मांगने पर खूनी विवाद: भिलाई में ढाबा संचालक की चाकू गोदकर हत्या, नाबालिग लड़की समेत 3 गिरफ्तार

भिलाई: नेहरू नगर चौक पर देर रात लिफ्ट मांगने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने एक 26 वर्षीय ढाबा संचालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। सुपेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ ‘छाया’, रुपेन्द्र निषाद और एक नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

ट्रक नहीं रुका तो स्कूटी को दी आवाज, भड़क गए सवार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कैंप-1, सुभाष चौक निवासी शिव कुमार सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चिचोला में ‘मैत्री ढाबा’ चलाता था। 29-30 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 1 बजे शिव कुमार अपने दोस्त के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला स्थित अपने ढाबे पर जाना था।

रात अधिक होने के कारण उसने आगे जाने के लिए पहले एक गुजरते ट्रक से लिफ्ट लेने का इशारा किया, लेकिन ट्रक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद उसने पास से गुजर रही एक स्कूटी को रोकने का प्रयास किया।

बहस के बाद जांघ पर मारा चाकू, ज्यादा खून बहने से मौत

स्कूटी पर रुपेन्द्र निषाद, विशाल निषाद और एक नाबालिग लड़की सवार थे। गाड़ने रोकने की बात पर शिव कुमार और स्कूटी सवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी। इसी बीच आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से शिव कुमार की जांघ पर जानलेवा हमला कर दिया।

घना हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण शिव कुमार की हालत बेहद गंभीर हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कोर्ट में पेश किए गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला पुलिस ने नाकेबंदी कर तीनों आरोपियों—विशाल निषाद, रुपेन्द्र निषाद और नाबालिग लड़की को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया है और घटना के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।