11 राज्यों की पुलिस की नाक में दम करने वाला शातिर अंतरराज्यीय ठग भिलाई में गिरफ्तार; जवानों को बनाता था शिकार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*********************************

 

 

11 राज्यों की पुलिस की नाक में दम करने वाला शातिर अंतरराज्यीय ठग भिलाई में गिरफ्तार; जवानों को बनाता था शिकार

बीएसएफ जवान का एटीएम चुराकर खरीदे 75 हजार के सोने के झुमके और निकाली नकदी

आरोपी सुनील कुमार दुबे के पास से 12 एटीएम, 4 सिम और 3 हजार रुपए बरामद

भिलाई। रेलवे पुलिस की साइबर टीम और भिलाई-3 जीआरपी चौकी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन यात्रियों के पर्स और एटीएम कार्ड चोरी कर खातों से रकम साफ करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार दुबे उर्फ लल्लू (34), निवासी मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश), को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास से रंगे हाथों दबोचा। आरोपी के पास से एक मोबाइल, 4 सिम कार्ड, 12 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और 3,000 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

सेना और सुरक्षा बलों के जवान थे आसान निशाना

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी मुख्य रूप से देश के विभिन्न कोनों में तैनात सेना और सुरक्षा बलों के जवानों को अपना शिकार बनाता था। आरोपी का मानना था कि दूरदराज इलाकों में तैनाती के कारण जवान चोरी की घटना के तुरंत बाद बैंक से संपर्क कर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक नहीं करा पाते थे। आरोपी इसी समय का फायदा उठाकर उनके खातों से लाखों रुपए पार कर देता था।

दोस्ती की, पिन देखा और भीड़ का फायदा उठाकर काटी जेब

यह पूरा मामला 18 अप्रैल 2026 का है। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर सेक्टर-6 निवासी बीएसएफ जवान कन्हैया भगत बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। टिकट लेने और ट्रेन पकड़ने की आपाधापी के बीच आरोपी सुनील ने कन्हैया से बातचीत शुरू की और उनसे दोस्ती कर ली।

चोरी की योजना के तहत आरोपी ने चालाकी से जवान का एटीएम पिन देख लिया। इसके बाद जैसे ही ट्रेन आई, भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर उसने कन्हैया का पर्स पार कर दिया, जिसमें एटीएम कार्ड रखा हुआ था।

97,500 रुपए की चपत लगाई, ग्वालियर में बेचे झुमके

एटीएम कार्ड और पिन हाथ लगते ही आरोपी ने त्वरित रूप से जवान के खाते से 97,500 रुपए उड़ा दिए। उसने 75,000 रुपए के सोने के झुमके खरीदे और अलग-अलग एटीएम से 22,500 रुपए नकद निकाले। इसके बाद आरोपी ने वारदात को छुपाने के लिए सोने के झुमके ग्वालियर ले जाकर 50,000 रुपए नकद में बेच दिए।

देशभर के 11 राज्यों की पुलिस को थी तलाश

आरोपी सुनील कुमार दुबे एक आदतन और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा दिल्ली (निजामुद्दीन), कर्नाटक (बेंगलुरु), हरियाणा (करनाल), मध्य प्रदेश (भोपाल, इटारसी, ग्वालियर), पंजाब (जालंधर) और पश्चिम बंगाल (हावड़ा) सहित देश के 11 से अधिक राज्यों एवं बड़े शहरों में चोरी, जेब तराशी और धोखाधड़ी के दर्जनभर मामले दर्ज हैं। वह अलग-अलग राज्यों में घूम-घूमकर वारदात अंजाम देता था।

तकनीकी सुरागों से हत्थे चढ़ा आरोपी

पीड़ित बीएसएफ जवान द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद रेलवे पुलिस की साइबर टीम और जीआरपी भिलाई-3 ने बैंक लेन-देन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। तकनीकी सुरागों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पावर हाउस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में आरोपी से अन्य कई बड़ी चोरियों का खुलासा हो सकता है।