राजनांदगांव में इको-फ्रेंडली गणेशोत्सव की तैयारी: नगर निगम सख्त, POP की मूर्तियों पर पूर्ण प्रतिबंध
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***********************************
राजनांदगांव में इको-फ्रेंडली गणेशोत्सव की तैयारी: नगर निगम सख्त, POP की मूर्तियों पर पूर्ण प्रतिबंध
राजनांदगांव। आगामी गणेशोत्सव को पूरी तरह से पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित बनाने के लिए राजनांदगांव नगर निगम प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में स्थापित होने वाली भगवान गणेश की मूर्तियों के निर्माण, गुणवत्ता और प्रयुक्त सामग्री की निगरानी के लिए प्रशासन द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने स्वयं शहर के विभिन्न मूर्ति निर्माण स्थलों का दौरा कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मूर्तिकारों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रतिमाओं के निर्माण में केवल प्राकृतिक, काली या कछारी मिट्टी का ही उपयोग किया जाए।
नियम उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) से बनी मूर्तियों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह से रोक है। इसके लिए निगम के स्वास्थ्य और नजूल विभाग को शहरभर में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन कर POP की मूर्तियां बनाने या बेचने वालों पर जब्ती के साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
मूर्तिकारों ने दिया इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं का आश्वासन
निरीक्षण के दौरान अधिकांश मूर्तिकारों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे पर्यावरण सुरक्षा का ध्यान रखते हुए तालाबों की उपजाऊ मिट्टी और पैरा (पुआल) का उपयोग कर पूरी तरह से इको-फ्रेंडली मूर्तियां तैयार कर रहे हैं।





