कटहल की आड़ में गांजे का ‘बड़ा खेल’: महासमुंद पुलिस ने जब्त किया 62 लाख का माल, UP के 2 तस्कर गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
कटहल की आड़ में गांजे का ‘बड़ा खेल’: महासमुंद पुलिस ने जब्त किया 62 लाख का माल, UP के 2 तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नशीले पदार्थों के तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे तस्करों के ये मंसूबे एक बार फिर नाकाम साबित हुए हैं।
सिंघोडा थाना पुलिस ने रेहटीखोल जांच नाके पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कटहल की आड़ में ले जाए जा रहे भारी मात्रा में गांजे को जब्त किया है। बरामद किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 62 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान खुली पोल
जानकारी के अनुसार, सिंघोडा पुलिस टीम रेहटीखोल अंतरराज्यीय जांच नाके पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रही एक पिकअप गाड़ी को रोका गया। वाहन में ऊपर भारी मात्रा में कटहल लोड थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली, तो कटहल के नीचे छिपे नशीले पदार्थ को देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
62 लाख से ज्यादा का गांजा बरामद
पुलिस ने पिकअप वाहन के गुप्त चैंबर और कटहल के पीछे से कुल 125.700 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस खेप की अनुमानित कीमत लगभग 62,85,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल हो रहे पिकअप वाहन को भी राजसात (जब्त) कर लिया है।
ओडिशा से प्रयागराज जा रही थी खेप
पकड़े गए दोनों तस्कर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इस खेप को बलांगीर (ओडिशा) से कम दामों में खरीदकर प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ले जा रहे थे। तस्करों की योजना इस माल को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में खपाने की थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट (NDPS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।





