महासमुंद: केले की आड़ में ₹4.56 करोड़ का गांजा तस्करी, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

 महासमुंद: केले की आड़ में ₹4.56 करोड़ का गांजा तस्करी, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

महासमुंद: केले की आड़ में ₹4.56 करोड़ का गांजा तस्करी, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ट्रक में केले की खेप के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे लगभग 9 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशे की खेप की कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।

केले की बोरियों में छिपा था ‘नशा’

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में गांजा तस्करी की जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी की गई। पुलिस ने एक संदिग्ध आईशर ट्रक (AP 39 TT 4556) को रोककर तलाशी ली। ट्रक ऊपर से केलों से लदा हुआ था, लेकिन गहराई से जांच करने पर केलों के बीच छिपाकर रखी गई 29 बोरियाँ बरामद हुईं, जिनमें गांजा भरा था।

फर्जी नंबर प्लेट से चकमा देने की कोशिश

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक पर ओडिशा और उत्तर प्रदेश की फर्जी नंबर प्लेट्स (OD 02 DJ 8517 और UP 93 CT 8365) का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने गांजे के साथ इन फर्जी प्लेट्स और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये बताई जा रही है।

झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने झारखंड निवासी 42 वर्षीय आरोपी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह यह खेप ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

आंकड़ों में महासमुंद पुलिस की सख्ती (बीते 3 महीने):

कुल गांजा जब्त: 5,629.602 किलोग्राम

कुल मामले: 72

कुल गिरफ्तारियां: 187 (जिसमें 135 आरोपी बाहरी राज्यों के हैं)

महासमुंद पुलिस की इस निरंतर कार्रवाई से अंतरराज्यीय तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस तस्करी के मुख्य सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट की बारीकी से जांच कर रही है।