बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: आधी रात लघुशंका के लिए निकले इकलौते बेटे की कुएं में गिरकर मौत, डेढ़ घंटे की मशक्कत भी न बचा सकी जान
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: आधी रात लघुशंका के लिए निकले इकलौते बेटे की कुएं में गिरकर मौत, डेढ़ घंटे की मशक्कत भी न बचा सकी जान
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुकुलकारी (बड़ेकारी) में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के आंगन से बाहर निकले 26 वर्षीय युवक की पास ही स्थित कुएं में गिरने से मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

आधी रात को हुआ हादसा, आवाज सुनकर दौड़े माता-पिता
पचपेड़ी थाना प्रभारी (टीआइ) कमला पुसाम से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुकुलकारी निवासी प्रकाश भार्गव (26 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रकाश मंगलवार रात करीब 12 बजे लघुशंका के लिए घर के आंगन से बाहर निकला था। इसी दौरान घर के पास बने कुएं में किसी भारी चीज के गिरने की तेज आवाज आई।
आवाज सुनकर घर के भीतर मौजूद माता-पिता घबराकर बाहर निकले। जब उन्होंने आसपास प्रकाश को तलाशा और वह कहीं नजर नहीं आया, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बेटे के कुएं में गिरने की आशंका पर परिजनों ने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों और ग्रामीणों को इकट्ठा किया। साथ ही डायल 112 की टीम को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने अंधेरे के बीच युवक को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कांटा डालकर प्रकाश को कुएं से बाहर निकाला जा सका।
परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौते चिराग के बुझने से सदमे में परिवार
प्रकाश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जिस बेटे को बचाने के लिए माता-पिता आधी रात को बदहवास हालत में दौड़े थे, उसकी मौत की खबर ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। सदमे के कारण माता-पिता बेसुध हैं, जिन्हें रिश्तेदार और ग्रामीण ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





