दुर्ग में प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित: जिले में पुरुषों से 6,556 अधिक महिला मतदाता, 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
दुर्ग में प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित: जिले में पुरुषों से 6,556 अधिक महिला मतदाता, 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
दुर्ग। जिले के विधानसभा क्षेत्रों की प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अब नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी भी प्रकार की त्रुटि में सुधार कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति के आवेदन सभी मतदान केंद्रों पर कार्यालयीन समय में जमा किए जा सकेंगे।
4 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची
कलेक्टर ने बताया कि प्राप्त होने वाले सभी दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके साथ ही, 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के पात्र होंगे और वे निर्धारित फॉर्म भरकर सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे।
महिला मतदाताओं का दबदबा, वैशाली नगर सबसे बड़ा क्षेत्र
प्रारंभिक मतदाता सूची के आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों और बेमेतरा जिले के 2 आंशिक विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 12,63,157 मतदाता पंजीकृत हैं। इसमें महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है:
महिला मतदाता: 6,34,836 (पुरुषों से 6,556 अधिक)
पुरुष मतदाता: 6,28,280
अन्य मतदाता: 41
विधानसभावार स्थिति देखें तो वैशाली नगर में सबसे अधिक 2,11,096 मतदाता हैं, जबकि भिलाई विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1,28,042 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
30 से 39 आयु वर्ग के मतदाता सर्वाधिक
आयु वर्ग के हिसाब से सूची में 30 से 39 वर्ष के मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा 3,60,419 है। वहीं, 20 से 29 वर्ष के 2,44,279 मतदाता और 18 से 19 वर्ष के 7,959 युवा मतदाता शामिल हैं। कलेक्टर ने युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जुड़वाएं।
किस काम के लिए कौन सा फॉर्म भरें?उद्देश्य आवश्यक फॉर्म
पहली बार नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6
मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7
नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार के लिए फॉर्म-8घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
नागरिक मतदान केंद्र जाने के अलावा घर बैठे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता सेवा पोर्टल (Voters’ Service Portal) और मतदाता हेल्पलाइन मोबाइल ऐप (Voter Helpline App) की सुविधा उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।





