भिलाई में एनसीसी कैडेटों ने निकाली राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य रैली, ली अखंडता और सुरक्षा की शपथ
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
भिलाई में एनसीसी कैडेटों ने निकाली राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य रैली, ली अखंडता और सुरक्षा की शपथ
भिलाई नगर(दुर्ग):37 सीजी बटालियन एनसीसी, दुर्ग के कमान अधिकारी एवं एडम अफसर के दिशा-निर्देशन में कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जन्म वर्षगांठ पर “राष्ट्रीय एकता दिवस” अत्यंत उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया। इस अवसर पर कैडेटों ने सेक्टर-7 बाजार और प्रमुख मार्गों से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली।

देशभक्ति के नारों से गूंजा भिलाई नगर
रैली के दौरान कैडेटों द्वारा लगाए गए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र देशभक्तिमय हो गया। कैडेटों ने हाथों में तख्तियां लेकर निम्नलिखित प्रेरणादायक नारे लगाए:
“सरदार पटेल के सपने को साकार करें, एक भारत श्रेष्ठ भारत!”
“एकता में बहुत बल है, यह राष्ट्र की हर समस्या का हल है।”
“हमारी एकता हमारी पहचान है, तभी तो हमारा भारत देश महान है।”
“भिन्न-भिन्न भाषा का भिन्न-भिन्न वेश, हमारा प्यारा भारत एक देश।”
“जात-पात का नाता तोड़ो, भारत को एकता की ताकत से जोड़ो।”
“सच्चे मायनों में तभी होगी देशभक्ति, जब एक होकर हम दिखाएं एकता की शक्ति।”
“राष्ट्रीय एकता हमारा गौरव है, हम सभी की शान है।”
“अनेकता में एकता, यही भारत की विशेषता।”
“कश्मीर हो या कन्याकुमारी, भारत माता एक हमारी।”
प्राचार्य ने दिलाई राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ
कार्यक्रम के दूसरे चरण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने कैडेटों को राष्ट्रीय एकता का गहरा महत्व समझाया। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं उनके महान कार्यों का स्मरण करते हुए कैडेटों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

शपथ विवरण: कैडेटों ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर देंगे तथा देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने का भरसक प्रयास करेंगे। इसके साथ ही कैडेटों ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना सक्रिय योगदान देने का भी संकल्प दोहराया।
इंदिरा गांधी जी को दी गई श्रद्धांजलि एवं गणमान्य की उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. हरीश कुमार कश्यप ने किया। उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
इस प्रेरणादायक आयोजन में महाविद्यालय के उपप्राचार्य एवं अर्थशास्त्री डॉ. लखन चौधरी, विज्ञान संकाय अध्यक्ष डॉ. गुणवंत चंद्ररौल, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग पांडे, वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय के प्राध्यापक जितेन्द्र सिंह व कोमेश सिन्हा, तथा राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक रविकांत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व कैडेट पुष्पेंद्र, सोमदत्त, सचिन, सीनियर अंडर अफसर अजय कुमार, जेयूओ पुनेश कुमार, सीक्यूएमएस मुकुल ठाकुर सहित कैडेट लक्ष्मीकांत, कृषमोहन, केतन, शिवम, भीष्म, उत्तम, सुजल और पीयूष मिश्रा समेत तीस से अधिक एनसीसी कैडेटों ने सक्रिय रूप से योगदान दिया।





