राष्ट्रीय अभियान में एनसीसी कैडेट्स की हुंकार: ‘टीबी हारेगा – भारत जीतेगा’, 120 कैडेटों ने ली शपथ
छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान
**********************************
राष्ट्रीय अभियान में एनसीसी कैडेट्स की हुंकार: ‘टीबी हारेगा – भारत जीतेगा’, 120 कैडेटों ने ली शपथ
दुर्ग/भिलाई:टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग दुर्ग एवं 37 छग बटालियन एनसीसी, दुर्ग के संयुक्त तत्त्वावधान में भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), दुर्ग परिसर में एक भव्य जागरूकता, ओरिएंटेशन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में विभिन्न प्रमुख कॉलेजों के लगभग 120 एनसीसी कैडेटों ने राष्ट्र निर्माण और जन-स्वास्थ्य के इस महाभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव (नोडल अधिकारी, टीबी मुक्त भारत अभियान, दुर्ग) ने एनसीसी कैडेट्स को टीबी के प्रमुख लक्षण, रोकथाम, समय पर मुफ्त जांच और सटीक उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को ‘टीबी जागरूकता स्वयंसेवक’ बनने का आह्वान किया, जिसके बाद सभी कैडेटों को समाज को इस बीमारी से मुक्त कराने की औपचारिक शपथ दिलाई गई।
यह गरिमापूर्ण कार्यक्रम 37 छग बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल निलेश चतुर्वेदी, एडम ऑफिसर कर्नल डॉ. प्रेमजीत तथा बीआईटी दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अनूप मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन का सफल समन्वय कैप्टन डॉ. संतोष मिश्रा और लेफ्टिनेंट डॉ. अंजुल राय ने किया, जबकि व्यवस्था में सूबेदार मेजर थानेस्वर गुरुंग, सूबेदार सीताराम कुजूर एवं हवलदार उत्तम का उल्लेखनीय योगदान रहा।
इस जागरूकता अभियान में बीआईटी दुर्ग के साथ-साथ कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय भिलाई नगर, स्वरूपानंद महाविद्यालय आमदी नगर, शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय के.सी.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं आर.सी.एस. महाविद्यालय दुर्ग के कैडेट्स ने हिस्सा लिया। सभी कैडेटों को अपने परिवार, पड़ोस, रिश्तेदारों और मित्रों के बीच टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
उक्त कार्यक्रम एवं सफलता की विस्तृत जानकारी लेफ्टिनेंट डॉ. हरीश कुमार कश्यप द्वारा प्रदान की गई।





