नाकाबंदी देख गांजा तस्करों ने वैगनआर कार में लगाई आग; पुलिस और ANTF ने 2 तस्करों को दबोचा, 14 लाख का ‘हरा नशा’ बरामद
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*************************************
नाकाबंदी देख गांजा तस्करों ने वैगनआर कार में लगाई आग; पुलिस और ANTF ने 2 तस्करों को दबोचा, 14 लाख का ‘हरा नशा’ बरामद
बसना/महासमुंद:छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई की है। ओडिशा के बालांगीर से “हरा नशा” लेकर मध्य प्रदेश जा रहे तस्करों ने पुलिस से घिरता देख सबूत मिटाने के लिए कार में रखे गांजे में आग लगा दी और फरार होने लगे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
14.23 लाख रुपये का गांजा जब्त
पुलिस और ग्रामीणों ने कार का सामने का शीशा तोड़कर भीतर धधक रही आग को बुझाया। कार की डिक्की की तलाशी लेने पर 3 अधजली प्लास्टिक बोरियों से कुल 28.465 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कुल कीमत 14,23,250 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को देख वापस मोड़ी गाड़ी
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की सटीक सूचना मिलने पर बसना पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने थाने के सामने नाकेबंदी की थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध काले रंग की वैगनआर कार के चालक ने पुलिस को देखते ही अचानक वाहन वापस मोड़ा और विपरीत दिशा में तेजी से भगाने लगा। पुलिस और ANTF की टीम ने बिना वक्त गंवाए संदिग्ध कार का पीछा शुरू किया।
सबूत मिटाने के लिए गाड़ी में लगाई आग
पुलिस को पीछे आता देख आरोपियों ने कार को ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर मार्ग पर रोक दिया। पकड़े जाने और साक्ष्य जुटाए जाने के डर से आरोपियों ने कार के अंदर रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और गाड़ी लॉक कर भागने लगे।
ओडिशा से लाकर मध्य प्रदेश खपाने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह गांजा ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से खरीदा था और अपने साथी शिवा सिंह के साथ मध्य प्रदेश के शहडोल ले जा रहे थे।
मामले में नामजद आरोपी:
गिरफ्तार आरोपी:
सुलभ सिंह परिहार (29 वर्ष), पिता – भारत सिंह परिहार, निवासी – छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.)
सागर कुशवाहा (25 वर्ष), पिता – मोतीलाल कुशवाहा, निवासी – कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.)
फरार आरोपी:
शिवा सिंह, निवासी – शहडोल (म.प्र.)
कड़ी धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। फरार आरोपी शिवा सिंह की तलाश में पुलिस जंगल व आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।





