सनकी प्रेमी का खौफनाक कदम: कोरबा में लव ट्रायंगल में 18 साल के युवक ने नाबालिग के चेहरे पर कैंची से किए ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*************************************
सनकी प्रेमी का खौफनाक कदम: कोरबा में लव ट्रायंगल में 18 साल के युवक ने नाबालिग के चेहरे पर कैंची से किए ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथर्रीपारा में एक 18 वर्षीय युवक ने रंजिश के चलते नाबालिग लड़के पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में किशोर का चेहरा गंभीर रूप से गोदा गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
अफेयर और दूरी बनी हमले की वजह
जानकारी के अनुसार, पथर्रीपारा निवासी आरोपी सागर यादव (18 वर्ष) का एक नाबालिग लड़की से अफेयर चल रहा था। कुछ समय पहले लड़की ने उससे दूरी बना ली और मोहल्ले के ही एक अन्य नाबालिग के करीब आ गई। इस बात से सागर यादव काफी उग्र और नाराज चल रहा था।
सोमवार रात विवाद के बाद कैंची से किया हमला
सोमवार रात को इसी बात को लेकर सागर और नाबालिग के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गुस्साए सागर ने अपने पास रखी कैंची निकालकर नाबालिग के चेहरे पर कई बार ताबड़तोड़ वार कर दिए। किशोर खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
आदतन अपराधी है आरोपी, पहले भी जा चुका है बाल सुधार गृह
मामले की जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी सागर यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी सागर आदतन अपराधी है। नाबालिग रहते हुए भी वह आपराधिक मामलों में बाल सुधार गृह जा चुका है। बालिग होते ही उसने एक बार फिर इस वारदात को अंजाम दे दिया।





