भिलाई-चरोदा महापौर निर्मल कोसरे के सरकारी वाहन पर पथराव, शीशा टूटा; संदेही युवक पुलिस हिरासत में

 भिलाई-चरोदा महापौर निर्मल कोसरे के सरकारी वाहन पर पथराव, शीशा टूटा; संदेही युवक पुलिस हिरासत में

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

********************************

 

 

 

भिलाई-चरोदा महापौर निर्मल कोसरे के सरकारी वाहन पर पथराव, शीशा टूटा; संदेही युवक पुलिस हिरासत में

भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे के सरकारी वाहन पर असामाजिक तत्व द्वारा पत्थरबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। गुरुवार तड़के अज्ञात युवक ने महापौर के निवास के बाहर खड़ी कार पर भारी पत्थर मारकर उसका पिछला शीशा चकनाचूर कर दिया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से भिलाई-3 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।

घर के बाहर खड़ी कार को बनाया निशाना

घटना गुरुवार सुबह लगभग 6:30 बजे महापौर निर्मल कोसरे के ग्राम गनियारी स्थित निवास की है। महापौर का सरकारी वाहन (क्रमांक: CG 07 CU 9918) घर के बाहर खड़ा था। सुबह अचानक जोर का धमाका सुनकर महापौर और उनके परिजन बाहर दौड़े। बाहर जाकर देखा तो वाहन की पिछली सीट का कांच पूरी तरह टूट चुका था।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

घटना के तुरंत बाद परिजनों और सुरक्षाकर्मियों ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज खंगालने पर गांव का ही निवासी निखिल टंडन कार पर पत्थर मारते हुए साफ दिखाई दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में

महापौर के पीएसओ (PSO) और वाहन चालक ने तत्काल भिलाई-3 थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही युवक निखिल टंडन को हिरासत में ले लिया।

जांच जारी: महापौर के वाहन पर पत्थरबाजी करने के पीछे युवक की क्या मंशा थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच में जुटी है।