भिलाई: सुपेला में मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, गंभीर रूप से झुलसा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
भिलाई: सुपेला में मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, गंभीर रूप से झुलसा
सिग्नल के इंतजार में सुपेला अंडरब्रिज के पास खड़ी थी तेल परिवहन वाली ट्रेन, नशे की हालत में ओएचई (OHE) लाइन के संपर्क में आने से हुआ हादसा।
दुर्ग।दुर्ग जिले के सुपेला अंडरब्रिज के समीप मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रेलवे ट्रैक पर खड़ी एक मालगाड़ी के बीटीपीएन (आयल परिवहन) वैगन पर चढ़ने के कारण एक युवक रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि युवक गंभीर रूप से झुलसकर सीधे नीचे जा गिरा। घायल युवक की पहचान गौतम नगर, सुपेला निवासी गणेश गुप्ता के रूप में की गई है।
सिग्नल नहीं मिलने से खड़ी थी मालगाड़ी
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एक मालगाड़ी सिग्नल न मिलने के कारण सुपेला अंडरब्रिज के पास ट्रैक पर रुकी हुई थी। इसी दौरान वहां मौजूद युवक गणेश गुप्ता अचानक मालगाड़ी के वैगन की सीढ़ी पकड़कर ऊपर चढ़ने लगा। ट्रेन के गार्ड ने युवक को ऊपर चढ़ते देख उसे रोकने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक जैसे ही वैगन की छत पर पहुंचा, वह ऊपर से गुजर रही अत्यधिक क्षमता वाली ओएचई लाइन के बेहद करीब आ गया और करंट की चपेट में आ गया।
तड़पता रहा युवक, स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही तेज ब्लास्ट हुआ और युवक झुलसकर नीचे गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट के कारण युवक का शरीर कई जगहों से बुरी तरह झुलस गया था और वह जमीन पर गिरकर दर्द से तड़प रहा था। इस दौरान वह लगातार लोगों से उसे अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाता रहा। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल डायल-112 और रेलवे अधिकारियों को दुर्घटना की सूचना दी
।नशे में होने की आशंका
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा होने से ठीक पहले युवक रेलवे ट्रैक के पास दो अन्य साथियों के साथ बैठकर नशा कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह अत्यधिक नशे की हालत में था, जिसके कारण उसे खतरे का अंदाजा नहीं रहा और वह अचानक मालगाड़ी पर चढ़ गया।
अस्पताल में उपचार जारी, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), स्थानीय पुलिस और रेलवे के उच्च अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से स्थानीय लोगों ने घायल गणेश गुप्ता को तत्काल शास्त्री अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में युवक का उपचार किया जा रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।





