केमिस्ट्री सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर लौटे 12वीं के छात्र ने की खुदकुशी, स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला शव

 केमिस्ट्री सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर लौटे 12वीं के छात्र ने की खुदकुशी, स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला शव

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

केमिस्ट्री सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर लौटे 12वीं के छात्र ने की खुदकुशी, स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला शव

दुर्ग: दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जवाहर नगर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाले 12वीं कक्षा के एक 20 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान यश कुमार डडसेना के रूप में हुई है। छात्र शुक्रवार को अपनी केमिस्ट्री (रसायन शास्त्र) विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर घर लौटा था, जिसके कुछ ही देर बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है।

परीक्षा के बाद घर लौटा था छात्र

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यश डडसेना शुक्रवार को अपनी 12वीं कक्षा की केमिस्ट्री की पूरक परीक्षा (सप्लीमेंट्री) देने गया था। परीक्षा खत्म होने के बाद वह दोपहर को अपने घर वापस आया। उस समय घर पर केवल उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थीं। यश की मां एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि उसके पिता छत्रपाल डडसेना अपने छोटे बेटे को एक प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए हुडको गए हुए थे।

फोन नहीं उठाने पर हुआ शक

दोपहर करीब 12 बजे पिता छत्रपाल ने यश के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन जब यश ने फोन नहीं उठाया तो उन्होंने घर के लैंडलाइन नंबर पर संपर्क किया। फोन उनकी मां (यश की दादी) ने उठाया। दादी ने बताया कि यश कुछ देर पहले ही “टॉयलेट जा रहा हूं” कहकर गया है।

स्टोर रूम में मिला शव

काफी देर बीत जाने के बाद भी जब यश टॉयलेट से बाहर नहीं आया, तो दादी को चिंता हुई। वह उसे देखने के लिए गईं। टॉयलेट में यश के न मिलने पर उन्होंने पास में ही बने स्टोर रूम का दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखते ही दादी के होश उड़ गए; यश स्टोर रूम में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों और परिजनों को इसकी सूचना दी।

सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच में जुटी पुलिस

परिजनों की सूचना पर मोहन नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है, जहां शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का परीक्षण कराया जाएगा।पुलिस को घटनास्थल या मृतक के पास से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

इसके कारण आत्महत्या की स्पष्ट वजह का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों, दोस्तों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस छात्र के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।