जगदलपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौके पर ही मौत; दो टुकड़ों में बंटी मोटरसाइकिल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
जगदलपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौके पर ही मौत; दो टुकड़ों में बंटी मोटरसाइकिल
जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक भीषण सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई।
पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना तोकापाल स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई। एक बाइक सवार युवक तोकापाल की ओर से जगदलपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान, पीछे से अत्यधिक गति में आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर घिसटते हुए काफी दूर जा गिरी। हादसे में मोटरसाइकिल का अगला पहिया टूटकर कई फीट दूर जा फेंका गया और मुख्य हिस्सा दो भागों में अलग हो गया।
चालक की मौके पर मौत, डिमरापाल अस्पताल भेजा गया शव
टक्कर लगते ही बाइक चालक हवा में उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत परपा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
शिनाख्त और ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
परपा थाना पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से फिलहाल कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है जिससे उसकी तत्काल पहचान की जा सके। आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों में मृतक की तस्वीरें और जानकारी भेजकर शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रैक्टर और उसके चालक के संबंध में भी सुराग जुटा रही है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।





