रायपुर: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
रायपुर: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
रायपुर, 6 जून: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बॉम्बे मार्केट में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (सीबीआई) के जोनल कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दफ्तर में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान जलकर खाक हो गए हैं।

राहगीरों ने दी पुलिस-दमकल को सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9 बजे बंद पड़े बैंक कार्यालय से अचानक धुएं का भारी गुबार उठता देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को मामले की सूचना दी।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और मौदहापारा थाना पुलिस के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए करीब डेढ़ घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और इसे आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जांच में आग लगने की मुख्य वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन प्रथम दृष्टया इसके पीछे शॉर्ट सर्किट या एसी ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। चूंकि घटना के समय बैंक बंद था, इसलिए एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं।
सुरक्षा के लिहाज से इलाका सील: एडीसीपी
मामले की पुष्टि करते हुए एडीसीपी (मध्य) तारकेश्वर पटेल ने कहा, “आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत रेस्क्यू कार्य में जुट गई थीं। सुरक्षा और एहतियात के तौर पर आग लगने वाले पूरे प्रभावित इलाके को फिलहाल सील कर दिया गया था। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर जांच कर रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।





