धमतरी में भीषण सड़क हादसा: गश्त के दौरान पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, हेड कांस्टेबल की मौत, नगर सैनिक घायल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
धमतरी में भीषण सड़क हादसा: गश्त के दौरान पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, हेड कांस्टेबल की मौत, नगर सैनिक घायल
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिहावा चौक के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने गश्त पर निकले पुलिस जवानों की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में हेड कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

बस स्टैंड से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बांस पारा निवासी हेड कांस्टेबल विजय बैरागी और रामपुर वार्ड निवासी नगर सैनिक जवान रात में बस स्टैंड क्षेत्र में गश्ती पर थे। देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच जब वे अपनी बाइक से सिहावा चौकी की ओर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
50 फीट तक घसीटा, ठेले को भी मारी टक्कर
टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप बाइक सवार जवानों को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद सिहावा चौक पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
अस्पताल में डॉक्टर ने घोषित किया मृत
पुलिस ने दोनों घायल जवानों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद हेड कांस्टेबल विजय बैरागी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नगर सैनिक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आरोपी ड्राइवर और पिकअप हिरासत में
कोतवाली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुर्घटनाकारित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। हेड कांस्टेबल की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।





