दुर्ग जिले के कुम्हारी में दर्दनाक हादसा: बिजली के खंभे से भड़की चिंगारी ने ली 4 जानें, सो रहे पिता, दो बेटियाँ और पोती की मौत।
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
दुर्ग जिले के कुम्हारी में दर्दनाक हादसा: बिजली के खंभे से भड़की चिंगारी ने ली 4 जानें, सो रहे पिता, दो बेटियाँ और पोती की मौत।
दुर्ग (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ एक मकान में शॉर्ट सर्किट के बाद हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पिता, उनकी दो बेटियाँ और महज डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची शामिल है।
हादसे का कारण: छत के रास्ते किचन तक पहुँची आगमिली जानकारी के अनुसार, घर के पास स्थित बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी ने घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग घर की छत से होते हुए तेजी से किचन तक पहुँच गई। इसी दौरान आज ही भरवाकर लाया गया रसोई गैस सिलेंडर आग की गर्मी से फट गया।
धमाका इतना जोरदार था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पूरा घर आग की लपटों से घिर गया।नींद में ही काल के गाल में समा गए परिजनहादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। मृतकों की पहचान अनिल वैष्णव, उनकी दो पुत्रियां लक्ष्मी व चांदनी और डेढ़ साल की पोती के रूप में हुई है।
आगजनी के वक्त अनिल का बेटा गौतम, उनकी पत्नी और एक बेटी घर के बाहर थे, जिससे उनकी जान बच गई। गौतम ने अपने दोस्तों के साथ आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया।प्रशासनिक मुस्तैदी और मुआवजे का ऐलानघटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर, एसएसपी सहित क्षेत्र के सांसद और मंत्री भी मौके पर पहुँचे। प्रशासनिक अमले ने स्थिति का जायजा लिया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और जिला प्रशासन ने 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की है। इस घटना के बाद से पूरे कुम्हारी क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।





