मड़वारानी दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पेड़ से टकराई, मासूम बच्चे सहित 9 घायल; ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
मड़वारानी दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पेड़ से टकराई, मासूम बच्चे सहित 9 घायल; ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
कोरबा/जांजगीर-चांपा: जांजगीर-चांपा जिले के सलखन गांव से मड़वारानी पहाड़ी पर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। दर्शन कर वापस लौटते समय श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से जा टकराया। इस भीषण टक्कर में एक मासूम बच्चे समेत कुल 9 लोग घायल हो गए हैं।
तेज ढलान पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सलखन गांव के लगभग 25 श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर कोरबा स्थित मां मड़वारानी के दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर में पूजा-अर्चना और भोजन के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से नीचे उतरते समय अचानक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया। सड़क पर तेज ढलान होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार कई श्रद्धालु उछलकर दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों और 108 टीम ने पहुँचाई मदद
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुँची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और इमरजेंसी टेक्नीशियन कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल उरगा और चांपा के अस्पतालों में भर्ती कराया।
एक मासूम की हालत गंभीर, जांच जारी
अस्पताल में भर्ती घायलों में से एक मासूम बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिसका विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस ने भी मौके का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क सुधार की उठी मांग
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे पर रोष जताते हुए प्रशासन से सड़क सुधार की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर अत्यधिक ढलान होने और खराब स्थिति के कारण यहाँ अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम बेहद जरूरी हैं।





