भीषण सड़क हादसा: कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास पर 407 वाहन ने बुलेट सवार युवक को मारी टक्कर, आशुतोष सिंह की जान गई 

 भीषण सड़क हादसा: कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास पर 407 वाहन ने बुलेट सवार युवक को मारी टक्कर, आशुतोष सिंह की जान गई 

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

भीषण सड़क हादसा: कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास पर 407 वाहन ने बुलेट सवार युवक को मारी टक्कर, आशुतोष सिंह की जान गई

 

 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में SECL कर्मचारी की मौत हो गई। घटना कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास मार्ग की है, जहाँ एक तेज रफ्तार 407 मिनी ट्रक ने बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान 29 वर्षीय आशुतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है। आशुतोष SECL की सुराकछार खदान में माइनिंग सरदार के पद पर पदस्थ थे। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद आशुतोष बुलेट पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढेलवाडीह बायपास पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार 407 मिनी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

सिर और सीने में आई गंभीर चोटें

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आशुतोष सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले 407 वाहन को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण वाहन चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।