भीषण सड़क हादसा: दल्लीराजहरा में यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 20-30 यात्री थे सवार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
भीषण सड़क हादसा: दल्लीराजहरा में यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 20-30 यात्री थे सवार
दल्लीराजहरा (बालोद): बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर आ रही पायल ट्रेवल्स की एक यात्री बस स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक के पास स्थित गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में लगभग 20 से 30 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ढलान पर अचानक बस की स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन बस सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा पलटी। गनीमत रही कि बस रेलवे पटरी से कुछ ही दूरी पर रुक गई, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
ग्रामीणों और पुलिस ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और दल्लीराजहरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने बस को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि हादसा वास्तव में तकनीकी खराबी (स्टेयरिंग फेल) के कारण हुआ या इसके पीछे तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही थी। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है।





