कलेक्टर की पहल रंग लाई: थनौद में भारत माला प्रोजेक्ट के अंडरपास की ऊँचाई अब होगी 6 मीटर, काम शुरू
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कलेक्टर की पहल रंग लाई: थनौद में भारत माला प्रोजेक्ट के अंडरपास की ऊँचाई अब होगी 6 मीटर, काम शुरू
दुर्ग: दुर्ग विकासखण्ड के ग्राम थनौद के पास निर्माणाधीन भारत माला सड़क परियोजना को लेकर चल रहा गतिरोध अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। ग्रामीणों और किसानों की लंबे समय से की जा रही माँग को स्वीकार करते हुए प्रशासन ने अंडरपास ब्रिज की ऊँचाई 4 मीटर से बढ़ाकर 6 मीटर करने की स्वीकृति दे दी है। स्वीकृति मिलते ही आज से निर्माण कार्य भी युद्ध स्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है।

कलेक्टर के आश्वासन पर खत्म हुई थी हड़ताल
उल्लेखनीय है कि अंडरपास की कम ऊँचाई (4 मीटर) को लेकर स्थानीय किसान, ग्रामीण और मूर्तिकार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। उनका तर्क था कि कम ऊँचाई के कारण हार्वेस्टर, धान परिवहन करने वाले बड़े वाहनों और ऊंची मूर्तियों के परिवहन में भारी समस्या होगी। विवाद को बढ़ता देख कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने सकारात्मक पहल करते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि जब तक ऊँचाई बढ़ाने की स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक विवादित स्थल पर काम बंद रहेगा। इस ठोस आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने अपना आंदोलन वापस लिया था।
किसानों और मूर्तिकारों में हर्ष की लहर
आज जैसे ही अंडरपास की ऊँचाई 6 मीटर करने की आधिकारिक मुहर लगी और मौके पर काम शुरू हुआ, प्रशासन द्वारा इसकी सूचना ग्रामीणों को दी गई। अपनी प्रमुख माँग पूरी होने पर कृषकों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। ग्रामीणों का कहना है कि अब 6 मीटर ऊँचाई होने से कृषि यंत्रों और बड़े वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी। प्रशासन की इस संवेदनशीलता के लिए क्षेत्र के लोगों ने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।





