NH-53 पर महासमुंद पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: करोड़ों के मादक पदार्थ के साथ पिकअप जब्त, 2 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
NH-53 पर महासमुंद पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: करोड़ों के मादक पदार्थ के साथ पिकअप जब्त, 2 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
महासमुंद: एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा जब्त किया है। इस मामले में हरियाणा निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

करोड़ों में है बरामद माल की कीमत
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पिकअप वाहन (HR46 F 4848) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत 2.14 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ-साथ परिवहन में इस्तेमाल पिकअप और 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 2.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
झारखंड से रायपुर खपाने की थी तैयारी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरविंदर सिंह और सत्यवान वाल्मीकि के रूप में हुई है, जो करनाल (हरियाणा) के निवासी हैं। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अवैध मादक पदार्थ की यह बड़ी खेप झारखंड के गुमला से रायपुर की ओर ले जा रहे थे।
नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्रवाई
महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क पर एक बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस तस्करी के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और रायपुर में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





