महासमुंद: तरबूजों की आड़ में छिपाई थी 1.12 करोड़ की खेप, पुलिस ने 2.25 क्विंटल गांजे के साथ 6 तस्करों को दबोचा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमा
******************************
महासमुंद: तरबूजों की आड़ में छिपाई थी 1.12 करोड़ की खेप, पुलिस ने 2.25 क्विंटल गांजे के साथ 6 तस्करों को दबोचा
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
तरबूजों के नीचे छिपी थी नशे की खेप
तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। पिकअप वाहन में ऊपर से तरबूज भरे गए थे ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो। हालांकि, मुखबिर की सटीक सूचना पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर जब गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली गई, तो तरबूजों के नीचे छिपी 9 प्लास्टिक की बोरियों में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
कार से दी जा रही थी ‘लोकेशन अपडेट’
पुलिस ने बताया कि तस्करी के इस खेल में एक कार भी शामिल थी, जो पिकअप के आगे-आगे चल रही थी। कार में सवार चार लोग रास्ते की रेकी कर रहे थे और पुलिस की मौजूदगी की सूचना पीछे आ रही पिकअप को दे रहे थे। पुलिस ने पिकअप और कार समेत 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये की कुल संपत्ति जब्त की है।
ओडिशा से यूपी जा रहा था माल, 6 आरोपी गिरफ्तार
एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों में से 4 उत्तर प्रदेश और 2 मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी यह गांजा ओडिशा के संबलपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जा रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य नेटवर्क की तलाश की जा रही है।
जब्त सामान का विवरण:
गांजा: 2 क्विंटल 25 किलो (कीमत ₹1.12 करोड़)
वाहन: 1 पिकअप और 1 कार
अन्य: 6 मोबाइल फोन





