बालोद में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक की मौत; नाना-नातिन गंभीर रूप से घायल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
बालोद में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक की मौत; नाना-नातिन गंभीर रूप से घायल
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में स्कूटी चला रहे 37 वर्षीय कृष्णा राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय छात्रा और उसके नाना गंभीर रूप से घायल हैं।
च्वाइस सेंटर जा रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, टेकापार निवासी बुधराम चेलक (63) अपनी नातिन सारिका चेलक (13) और पड़ोसी कृष्णा राम (37) के साथ स्कूटी से पैसे निकालने के लिए पड़कीभाट स्थित च्वाइस सेंटर जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
नाना-नातिन राजनांदगांव रेफर, दोनों के पैर फ्रैक्चर
हादसे के बाद राहगीरों ने एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजनांदगांव रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक, नाना और नातिन दोनों के पैरों में फ्रैक्चर है और नाना के सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
मां का रो-रोकर बुरा हाल: “बेटी की परीक्षा शुरू होने वाली है”
हादसे की खबर मिलते ही छात्रा की मां रेणुका चेलक बदहवास होकर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता के निधन के बाद से वे अपने मायके में ही रह रही हैं। बेटी घूमने के बहाने स्कूटी पर बैठी थी और आधे घंटे बाद यह दुखद खबर आ गई। अस्पताल में मां बार-बार डॉक्टरों से गुहार लगाती रही कि उसकी बेटी को बचा लिया जाए क्योंकि उसकी परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं।
पुलिस जांच और अज्ञात वाहन की तलाश
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त स्कूटी को जब्त कर लिया गया है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक कृष्णा राम के शव का बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।





