दुर्ग स्टेशन पर RPF का बड़ा छापा: कमर्शियल विभाग की लापरवाही उजागर, 88 वेंडरों के कार्ड एक्सपायर फिर भी सक्रिय; भारी मात्रा में अवैध सामान जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
दुर्ग स्टेशन पर RPF का बड़ा छापा: कमर्शियल विभाग की लापरवाही उजागर, 88 वेंडरों के कार्ड एक्सपायर फिर भी सक्रिय; भारी मात्रा में अवैध सामान जब्त
दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग के खिलाफ आरपीएफ (RPF) की हालिया कार्रवाई ने रेलवे के कमर्शियल विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि स्टेशन पर सक्रिय 88 वेंडरों के पहचान पत्र (ID Cards) की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन विभाग ने अब तक नए कार्ड जारी नहीं किए। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर स्टेशन पर अवैध वेंडिंग का खेल धड़ल्ले से चल रहा था।
50 हजार का माल बरामद, 15 पर गिरी गाज
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक श्री संजीव सिन्हा के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 15 अनाधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान प्लेटफॉर्म पर स्थित स्टॉलों के बाहर अवैध रूप से जमा कर रखी गई खाद्य सामग्रियों का जखीरा मिला। जब्त सामान की अनुमानित कीमत 50,000 रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिसे पार्सल कार्यालय के सुपुर्द कर दिया गया है।
जब्त सामग्रियों का विवरण:
पानी बोतल: 2940 नग
फ्रूटी: 96 नग
चिप्स व केक: 100 से अधिक पैकेट
फल: केला, अंगूर और खीरे के कई कैरेट
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, नियमों की अनदेखी
प्लेटफॉर्म पर स्टॉल संचालकों द्वारा अवैध रूप से सामान फैलाकर रखने के कारण यात्रियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जांच में पाया गया कि कमर्शियल विभाग द्वारा स्टॉल आवंटन और संचालन के नियमों की सरेआम अनदेखी की गई। पहचान पत्र रिन्यू न होने के बावजूद वेंडर बेखौफ होकर प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहे।
आरपीएफ की इस सख्ती के बाद अब कमर्शियल विभाग के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होने की संभावना है। वाणिज्य विभाग ने भी इस अभियान के दौरान 10 अवैध वेंडरों को पकड़कर आरपीएफ के हवाले किया है।





