रायगढ़ से जांजगीर तक फैला लकड़ी तस्करी का जाल: संयुक्त टीम की दबिश, लाखों की खैर लकड़ी जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
रायगढ़ से जांजगीर तक फैला लकड़ी तस्करी का जाल: संयुक्त टीम की दबिश, लाखों की खैर लकड़ी जब्त
रायगढ़/जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग ने लकड़ी तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रायगढ़ से खैर की लकड़ी काटकर उसे जांजगीर-चांपा जिले के एक गुप्त गोदाम में डंप किया जा रहा था। रायगढ़ और जांजगीर-चांपा वन विभाग की संयुक्त टीम ने इस नेटवर्क पर प्रहार करते हुए लाखों रुपये की अवैध लकड़ी बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ डीएफओ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सहसपुरी क्षेत्र से खैर लकड़ी की तस्करी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ के निर्देश पर एसडीओ, रेंजर और उड़नदस्ता की एक विशेष टीम गठित की गई। वन विभाग की सक्रियता की भनक लगते ही तस्कर ट्रक में लकड़ी लोड कर भागने लगे, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चंद्रपुर रोड पर ट्रक को धर दबोचा।
ट्रक चालक ने खोले राज
शुरुआती तलाशी में ट्रक से करीब 50 हजार रुपये की अवैध लकड़ी मिली। मौके से फरार हुए ट्रक चालक सूरज कुमार सारथी (निवासी रतनपुर) को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में सूरज ने खुलासा किया कि खैर की लकड़ी सहसपुरी में इकट्ठा की जाती थी और फिर इसे चांपा निवासी मनीष अग्रवाल के गोदाम में भेजा जाता था। इस तस्करी में मेलाराम सतनामी नामक व्यक्ति अवैध लकड़ी इकट्ठा करने का मुख्य काम करता था।
चांपा के गुप्त गोदाम में छापा
पकड़े गए आरोपियों के बयान के आधार पर रायगढ़ की टीम रात करीब एक बजे चांपा पहुंची। वहां अकलतरी भांटा के पास एक गुप्त गोदाम में दबिश दी गई, जहां भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद हुई। तस्कर आसपास के इलाकों से पेड़ काटकर ट्रक दर ट्रक लकड़ी इस गोदाम में जमा करते थे।
कार्यवाही में इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा, एसडीओ तन्मय कौशिक, उड़नदस्ता सहायक प्रभारी संदीप नामदेव और उनकी पूरी टीम की अहम भूमिका रही। रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि “पकड़े गए ट्रक के माध्यम से एक बड़े अंतर-जिला गिरोह का पता चला है। फिलहाल ट्रक को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।”





