दोस्त ही निकली चोर: दुर्ग में घर की रखवाली के लिए सहेली को दी थी चाबियां, मौका पाकर महिला ने उड़ाए लाखों के जेवरात
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
दोस्त ही निकली चोर: दुर्ग में घर की रखवाली के लिए सहेली को दी थी चाबियां, मौका पाकर महिला ने उड़ाए लाखों के जेवरात
दुर्ग। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में विश्वास को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला ने अपनी ही सहेली के सूने घर का फायदा उठाते हुए लाखों रुपये के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का माल बरामद कर लिया है।
तीर्थ यात्रा पर गई थी प्रार्थिया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहन नगर निवासी प्रार्थिया अपने बेटे के साथ प्रयागराज घूमने गई थी। जाने से पहले उसने भरोसे के साथ अपने घर की चाबियां अपनी सहेली जागेश्वरी मार्कण्डेय को सौंप दी थीं ताकि वह घर की देखरेख कर सके।
ताला टूटा देख उड़े होश
जब प्रार्थिया तीर्थ यात्रा से वापस लौटी, तो उसके बेटे ने देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ है और अंदर आलमारी का ताला टूटा पड़ा है। छानबीन करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नगदी गायब मिले।
सहेली ने पहले गुनाह कबूला, फिर मुकर गई
चोरी का शक होने पर जब प्रार्थिया ने अपनी सहेली जागेश्वरी से पूछताछ की, तो उसने पहले चोरी की बात स्वीकार कर ली और सामान लौटाने का वादा किया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उसने जेवरात वापस नहीं किए, तो थक-हारकर प्रार्थिया ने मोहन नगर थाने में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने बरामद किए 3.42 लाख के जेवरात
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी महिला जागेश्वरी मार्कण्डेय को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 लाख 42 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक कुल चोरी लगभग 3.50 लाख रुपये की हुई थी।
न्यायिक रिमांड पर भेजी गई आरोपी
मोहन नगर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।











