भिलाई में जगदलपुर निवासी PWD अफसर के बेटे ने फांसी लगाकर की आत्महत्या गर्लफ्रेंड के साथ कमरा किराया लेकर लीव इन था,एग्रीकल्चर की पढ़ाई करने आया था

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार चौधरी

+++++++++++++++++++++++++++++++++++

 

भिलाई के कातुलबोड साईं नगर में एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहे 26 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त उसकी लीव इन पार्टनर बाथरूम में थी। पुलिस ने शव को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग।छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 26 वर्षीय एक एग्रीकल्चर  छात्र इंद्रप्रीत सिंह सैनी  ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के कातुलबोड  साईं नगर में स्थित एक किराए के मकान की है, जहां छात्र अपनी महिला पार्टनर के साथ लीव इन रिलेशन  में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त इंद्रप्रीत की महिला पार्टनर बाथरूम में थी। जब वह बाहर आई, तो उसने देखा कि इंद्रप्रीत पंखे से लटका हुआ है। इस दृश्य को देखकर वह बेहोश हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, युवक के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया गया है।

 

 

पढ़ाई के लिए भिलाई आया था छात्र

जानकारी के मुताबिक, इंद्रप्रीत मूल रूप से बस्तर जिले के जगदलपुर का रहने वाला था। उसके पिता जनरल सिंह सैनी  लोक निर्माण विभाग (PWD) में एसडीओ  हैं, जबकि मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। छात्र भिलाई में रहकर एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा था।

स्मृति नगर चौकी प्रभारी गुरविंदर सिंह गिल ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे बातचीत के बाद आगे की दिशा तय की जाएगी।

 

 

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मानसिक तनाव की आशंका

परिजनों ने बताया कि इंद्रप्रीत दो भाइयों में बड़ा था और वह शांत स्वभाव का था। किसी भी तरह की पारिवारिक या व्यक्तिगत परेशानी की जानकारी उन्हें नहीं थी। वहीं, पहले बताया जा रहा था कि घटना के वक्त घर पर वह अकेला था। अब पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है। मानसिक तनाव, पढ़ाई का दबाव या आपसी रिश्तों में खटास, ये सभी बिंदु जांच में शामिल किए गए हैं।