भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को मारने की साजिश का खुलासा, 2 लाख रुपए की सुपारी का मामला

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी
भिलाई। भिलाई नगर से कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव को जान से मारने की साजिश रचे जाने और कथित तौर पर दो लाख रुपये की सुपारी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।जिसमें कहा गया कि विधायक देवेंद्र यादव को जान से मारने पर दो लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
इसमें अंकित नाम के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर मैसेज पोस्ट कर किसी शुभम नाम के युवक पर हत्या की सुपारी देने की जानकारी दी है। ये मामला सामने आने के बाद विधायक देवेंद्र यादव के मीडिया प्रतिनिधि देवेश पाणिग्राही ने दुर्ग एसएसपी से इसकी शिकायत कर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शुभम ने अंकित से कहा दो लाख रुपये ले ले और विधायक देवेंद्र यादव की फोटो दिखाते हुए उनकी हत्या करने की बात कही। शिकायतकर्ता देवेश पाणिग्राही ने मैसेज के स्क्रीनशाट और वायस मैसेज की रिकार्डिंग के साथ दुर्ग एसएसपी से शिकायत की है।
मामला गंभीर है । जिस युवक ने इंस्टाग्राम में इसे पोस्ट किया है । वह मेरे विधायक कार्यालय में आया भी था। पुलिस को आवेदन दिए है । पुलिस इसकी जांच करें ताकि सत्यता जनता के सामने आए।
देवेन्द्र यादव, विधायक भिलाई नगर
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को जान से मारने की साजिश रचे जाने के मामले को लेकर शिकायत आई है। उसकी जांच की जा रही है। शरारती तत्व भी इस तरह की हरकत कर सकते है।
रामगोपाल गर्ग, एसएसपी दुर्ग





