डीजे में डांस करते असामाजिक तत्वों ने फेंके भगवा झंडे और तोरण, जमकर हुआ बवाल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी

लोरमी। लोरमी क्षेत्र से खबर आई है की बीते कुछ रात असामाजिक तत्वों ने डीजे के धुन में नाचते हुए सड़क व दुकानों के आसपास लगे भगवा झंडे और तोरण को निकालकर फेंक दिया। अगले दिन इस घटना का वीडियो फुटेज इंटरनेट में वायरल होते ही क्षेत्र में खलबली मच गई। कई संगठन इसे लेकर आक्रोशित हो गए और आरोपितों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर चिल्फी थाना क्षेत्र के डिंडौरी चौकी का घेराव कर दिया। पुलिस और प्रशासन के समझाइश देने पर वे शांत हुए, पुलिस ने दूसरी ओर आधा दर्जन असामाजिक तत्वों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चिल्फी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डिंडोरी चौकी क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस समय खलबली मच गई, जब इंटरनेट मीडिया पर कुछ वीडियो प्रसारित होने लगे। जिसमें कुछ असामाजिक तत्व शुक्रवार रात डिंडौरी बाजार में डीजे के ऊपर बैठकर कुछ दुकानों और घर पर लगे भगवा झंडे और तोरण को निकालकर फेंक व झंडे को अपमानित करते नजर आए।

ये असामजिक तत्व इन तोरण को तोड़ते भी दिखे। इन वीडियो के सार्वजनिक होते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए, साथ ही कुछ हिन्दू संगठनों ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग करते हुए डिंडौरी चौकी का घेराव कर दिया। मामले को बढ़ता देख पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित संगठनों और ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने आधा दर्जन असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया और उन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हो सका, दूसरी और प्रशासन ने लोगों से शांति की अपील भी की।

इन पर की गई कार्रवाई-
वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की। इन आरोपितों में अमकदास भास्कर पिता कुंवर दास (23) निवासी सतनामी पारा डिंडौरी, धर्मेश पट्टा पिता अर्जुन (26) निवासी महामाया पारा डिंडौरी, राकेश भास्कर पिता मोहन (23) निवासी सतनामी पारा डिंडौरी, प्रदीप बंजारा पिता अवधराम (21) निवासी सतनामीपारा डिंडौरी, हेमंत भास्कर पिता तुलसी (21) निवासी सतनामी पारा डिंडौरी, देवेंद्र उर्फ नानू जांगड़े पिता तुलसी (20) निवासी सतनामी पारा डिंडौरी शामिल रहे। पुलिस ने इन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

22 जनवरी को लगाए गए थे झंडे-
बीते 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा हुई थी, जिसे लेकर देशभर को भगवा रंग के झंडे और तोरण से सजाया गया था। वहीं, डिंडौरी क्षेत्र को भी इसी तरह से सजाया गया था। जिसके झंडे अभी भी दुकानों और घरों पर लगे हुए थे। शुक्रवार की रात असामाजिक तत्वों ने डीजे में डांस करते हुए इन्हे झंडे और तोरण को निशाना बनाया। जिससे कई लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुईं और उन्होंने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।

डीजे संचालक पर भी हुई कार्रवाई-
इस दौरान पुलिस ने डीजे संचालक पर भी कार्रवाई की है, जिसमें बैठकर असामाजिक तत्वों ने झंडे निकालने और अशांति फैलाने का काम किया। पुलिस ने डीजे संचालक पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

जगह-जगह पुलिस बल तैनात-
इस घटना के बाद क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की कोई गंभीर घटना निर्मित ना हो। इसके अलावा पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें-
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजय केसरवानी ने बताया कि नशे की हालत में कुछ लोगों ने झंडा निकालकर तोड़फोड़ की हैं, जिनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। वे लोगों से अपील कर रहे कि अफवाह में ना आएं और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें।

वर्जन
6 असामाजिक तत्व पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
प्रवीण तिवारी
एसडीएम, लोरमी
वर्जन
पुलिस ने पकड़े गए असामाजिक तत्वों पर विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है। अभी स्थिति शांतिपूर्ण है, साथ ही लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की जा रही है।