ठेकेदार के गोदाम में घुसे चोर, कर्मचारियों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी
बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम स्थित ठेकेदार के गोदाम में धावा बोलकर चोरों ने केबल और एल्यूमिनियम के तार पार कर दिए। युवक केबल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया। चोरी के सामान के साथ युवकों को पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
अमेरी के सांई विहार में रहने वाले रोहित अवस्थी ठेका कंपनी में मैनेजर हैं। उनकी कंपनी का गोदाम सकरी के गोकुलधाम में है। कंपनी के मैनेजर ने बताया कि उनके गोदाम से बीते एक महीने से एल्यूमिनियम के सामान चोरी हो रहे थे। लगातार हो रही चोरी के कारण कर्मचारी संदेहियों पर नजर रखे हुए थे। बुधवार की दोपहर मैनेजर अपने साथियों विक्की और अंकित के साथ गोदाम पहुंचे। इस दौरान सकरी बजरंगपारा में रहने वाला विनोद वर्मा, अमेरी शांति नगर निवासी महेंद्र साहू, रानी बछाली निवासी रवि दुबे और अमेरी निवासी विशाल मिश्रा गोदाम से एल्यूमिनियम तार और केबल चोरी कर ले जा रहे थे। मैनेजर ने कर्मचारियों और आसपास के लोगों के साथ मिलकर युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।





