कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत, भूपेश बघेल बोले- राहुल से घबराकर मंदिर जाने से रोका

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी

रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को असम में मंदिर जाने से कथित रूप से रोकने पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। बघेल ने सोशल मीडिया एक्स में लिखा कि असम के लिए निकल रहा हूं। असम के मुख्यमंत्री के लिए लिखा कि हिमंता बिस्वा सरमा डरपोक हैं। इसका अनुभव मैंने असम विधानसभा चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में कार्य करते हुए ही कर लिया था।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला और राहुल गांधी को मिल रहे अपार जन समर्थन से घबराकर उन्हें रोकने की कोशिश, उनकी हताशा और डर को दर्शाता है। भूपेश ने कहा कि मंदिर जाने से रोकना ?, समझ क्या रखा है ?, अब धार्मिक स्थलों पर भी इनका नियंत्रण चलेगा क्या?, ये गुंडागर्दी ज्यादा दिन की नहीं है, समझ लीजिए।

उन्होंने लिखा कि जब कोई सुबाहु और मारीच किसी को पूजा, यज्ञ करने से रोकते हैं तब-तब प्रभु श्रीराम उसका वध करते हैं। अति का अंत निश्चित है। कांग्रेस का आरोप है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के नौवें दिन सोमवार को राहुल गांधी असम के नगांव पहुंचे थे। वे वहां बोर्दोवा थान में संत श्री शंकरदेव के जन्म स्थल पर दर्शन करने गए थे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया गया। सुरक्षाबलों ने राहुल और अन्य कांग्रेसी नेताओं को हैबरगांव में ही रोक दिया।

रायपुर में हुआ विरोध भी
रायपुर में कांग्रेस असम में राहुल गांधी को मंदिर जाने से रोकने के विरोध में मौन प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा के सामने बैठककर मौन प्रदर्शन करते हुए विरोध जताया। रायपुर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि असम में गुंडाराज का विरोध कर रहे हैं।

न्याय यात्रा से भाजपा डरकर हमला करवा रही है
दीपक बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा की असम सरकार गुंडे तत्वों से भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमले करवा रही है। अफसोस की बात है, भाजपा खासकर असम में देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, इस शांतिपूर्ण यात्रा को बाधित करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। पिछले दो दिनों में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर योजनाबद्ध हमले किए गए, उपद्रवियों द्वारा यात्रा के पोस्टरों को फाड़ने की घटनाएं देखी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मिल रही सफलता और लोगों के व्यापक जनसमर्थन से भाजपा डरी हुई है।

गुंडागर्दी और वसूली से ही गई भूपेश सरकार

अजय चंद्राकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता भूपेश की कांग्रेस सरकार में गुंडागर्दी और वसूली के कारण त्रस्त थी। इसलिए राज्य से कांग्रेस बेदखल हो गई। जहां तक राहुल की यात्रा से घबराने का प्रश्न है तो इस पर यही कहूंगा कि जनता को नौटंकी देखने को मिल रही है, अब इससे क्या घबराना है ?