कांकेर में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, जवानों ने हथियार बनाने की मिनी फैक्ट्री को किया ध्वस्त

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान
कांकेर- कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर मंगलवार को जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के खुफिया ठिकाने का पता चला। इसके बाद नक्सलियों को जवानों के पहुंचने की भनक मिल पाती उससे पहले ही जवानों ने हमला कर दिया। जवानों की ओर से अचानक हुई गोलीबारी से नक्सली घबराकर भागने लगे। जवानों के मुताबिक मौके पर ही कई नक्सलियों को गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में कई नक्सली बुरी तरह से घायल हुए हैं। हालांकि मौके से कोई डेड बाडी बरामद नहीं हुई है। कांकेर एसपी दिव्यांग पटेल ने खुद मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी जवान सुरक्षित अपने कैंप लौट आए हैं।
नक्सलियों ने बना रखी थी बम बनाने की फैक्ट्री
जिस जगह पर मुठभेड़ हुई उस जगह पर नक्सलियों ने हथियार और मोर्टार बम बनाने की मिनी फैक्ट्री बना रखी थी। पुलिस ने मौके से दर्जनों बम बरामद किया है। जवानों ने मौके से कई हथियार भी बरामद किए हैं। जवानों का हमला इतना सटीक था कि नक्सलियों को हथियार चलाने और उसे लेकर भागने तक का मौका नहीं मिला। जवानों की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता नक्सलियों के खिलाफ माना जा रहा है।
लगातार एक्शन से खौफ में है लाल आतंक
पूरे बस्तर में इन दिनों नक्सलियों के खिलाफ आपरेशन चलाया जा रहा है। जवानों की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता नक्सलियों के खिलाफ माना जा रहा है।





