दो साल से अलग रह रही शासकीय कर्मचारी पत्नी के नाम पर पति ने ले लिया लोन, अपराध दर्ज

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी

बिलासपुर- सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली महिला के नाम पर उसके ही पति ने लोन ले लिया। दो साल से पति से अलग रह रही महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में जानकारी होने पर उन्होंने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। सरकंडा के अशोक नगर में रहने वाली ज्योति मिश्रा शासकीय कर्मचारी हैं। उनकी पोस्टिंग जांजगीर-चांपा जिले में हैं।

पति डा प्रशांत मिश्रा के साथ अनबन होने के कारण वे दो साल से अलग रह रही हैं। महिला ने बताया कि उनके पति ने ज्वाइंट एकाउंट पर एक क्रेडिट कार्ड लिया है। पति ने उनकी जानकारी के बगैर मई 2022 को तीन लाख 88 हजार रुपये लोन ले लिया। इसकी किस्त महिला के सैलरी एकाउंट से कट रही थी। पति ने उनकी जानकारी के बगैर बैंक खाते में दूसरा नंबर चालू करा लिया था।

बैंक के मैसेज उसी नंबर पर जा रहे थे। बीते दिनों महिला ने अपने बैंक एकाउंट का नंबर बदलवाने आवेदन दिया। कई बार आवेदन के बाद उनके खाते में मोबाइल नंबर बदला गया। इसके बाद उन्हें खाते से 11 हजार रुपये कट गए। इसका मैसेज उनके मोबाइल पर आया।

महिला ने बैंक में संपर्क किया तो बताया गया कि उनके खाते से लोन की किस्त जमा हो रही है। इस पर महिला ने सरकंडा थाने में की है। साथ ही बैंक का स्टेटमेंट भी दिया है। इसके आधार पर सरकंडा पुलिस ने उनके पति डा प्रशांत मिश्रा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।