रायगढ़ जिले में बस स्टैंड के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से गांजा लेकर रायगढ़ पहुंचे दो तस्कर गिरफ्तार, 4 किलो से ज्यादा खेप जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
रायगढ़ जिले में बस स्टैंड के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से गांजा लेकर रायगढ़ पहुंचे दो तस्कर गिरफ्तार, 4 किलो से ज्यादा खेप जब्त
रायगढ़। जूटमिल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से यात्री बस में गांजा लेकर रायगढ़ पहुंचे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 68 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सारंगढ़ रोड की ओर से यात्री बस में सवार होकर दो व्यक्ति गांजा लेकर ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बस स्टैंड पहुंची और संदिग्धों पर नजर रखने के लिए निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान हुलिए के आधार पर दो संदिग्ध बस से उतरकर पिट्ठू बैग टांगे बजरंगपारा की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के सामने, लोक सेवा केंद्र के पीछे बजरंगपारा मैदान में घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया।
तलाशी में पन्नियों में लिपटा मिला गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गोविन्द भट्ठ उर्फ बुटू (56) और मंजे देवार (26) बताए। दोनों सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38 के निवासी हैं।
जब पुलिस ने उनके पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो भीतर खाकी और हरे रंग की पन्नियों में पैक गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 4 किलो 68 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपए आंकी गई है।
ज्यादा मुनाफे के लिए लाए थे गांजा, जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ओडिशा से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर रायगढ़ में ऊंची कीमत पर खपाने के इरादे से लाए थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b) के तहत अपराध दर्ज किया और गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।





