कोरबा में बड़ी खेप खाक: कोर्ट की अनुमति के बाद बालको प्लांट में जलाए गए जब्त नशीले पदार्थ, 74 किलो से ज्यादा गांजा शामिल

 कोरबा में बड़ी खेप खाक: कोर्ट की अनुमति के बाद बालको प्लांट में जलाए गए जब्त नशीले पदार्थ, 74 किलो से ज्यादा गांजा शामिल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

**********************************

 

 

 

कोरबा में बड़ी खेप खाक: कोर्ट की अनुमति के बाद बालको प्लांट में जलाए गए जब्त नशीले पदार्थ, 74 किलो से ज्यादा गांजा शामिल

कोरबा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए नशीले पदार्थों को न्यायालय की अनुमति के बाद बालको प्लांट में जलाकर नष्ट कर दिया गया है। यह कार्रवाई 23 तारीख को ड्रग डिस्पोजल समिति की देखरेख में पूरी की गई।

क्या-क्या सामान किया गया नष्ट?

पुलिस के अनुसार, नष्ट की गई नशीली सामग्री में 74.514 किलोग्राम गांजा, 4,336 कैप्सूल, 2,315 नशीली टेबलेट, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 एमएल कोडीनयुक्त सिरप शामिल हैं।

यह खेप कोरबा जिले के रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान जब्त की गई थी।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई डिस्पोजल प्रक्रिया

नशीले पदार्थों को नष्ट करने की प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक और क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि पूर्व में भी जब्त नशीले पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए बालको प्लांट का उपयोग किया जाता रहा है।

नशे के खिलाफ अभियान जारी, पुलिस की अपील

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) राम गोपाल करियारे ने बताया कि कोरबा पुलिस द्वारा NDPS एक्ट के तहत नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। गांजा, नशीली टेबलेट, कैप्सूल और सिरप के अवैध परिवहन व बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जब्त सामग्री को नष्ट करना इसी अभियान का एक हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, साथ ही युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे NDPS पदार्थों के निर्माण, परिवहन, बिक्री या सेवन से दूर रहें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को अवगत कराने का आग्रह किया गया है।