शराब के नशे और शिकायत की बात पर खूनी वारदात: रानीसागर में बेटे ने टंगिया से हमला कर की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 शराब के नशे और शिकायत की बात पर खूनी वारदात: रानीसागर में बेटे ने टंगिया से हमला कर की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*********************************

 

 

 

शराब के नशे और शिकायत की बात पर खूनी वारदात: रानीसागर में बेटे ने टंगिया से हमला कर की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

खरसिया। थाना खरसिया क्षेत्र के ग्राम रानीसागर में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने समझाइश देने पर विवाद किया और सरपंच के घर शिकायत करने जा रहे पिता पर टंगिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के बाद फरार होने की फिराक में जुटे आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद और क्या हुई घटना

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे परिवार के सदस्य घर पर थे। इसी समय आरोपी राजकुमार गिरी (36 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी (65 वर्ष) ने उसे समझाया कि पूजा-पाठ का दिन है और घर चलाने के लिए पैसे नहीं हैं, इसके बावजूद वह रोज शराब पीकर आता है। इस बात पर राजकुमार भड़क गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा।

मृतक की पत्नी शैलेन्द्र गिरी (62 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9 बजे वह अपने पति के साथ घटना की शिकायत करने सरपंच के घर जा रही थीं। तभी पीछे से टंगिया लेकर पहुंचे राजकुमार ने सरपंच के घर के गेट के पास उन्हें रोक लिया। शिकायत करने जाने से नाराज होकर उसने पिता धरम गिरी के सिर पर टंगिया से वार कर दिया। उनके जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने सिर और पीठ पर टंगिया से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

हत्या की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, फॉरेंसिक टीम और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

खरसिया पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी राजकुमार गिरी के खिलाफ अपराध क्रमांक 604/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार होने की तैयारी कर रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।