खरसिया चाकूबाजी मामला: फरार आरोपी फैज खान पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित, एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
खरसिया चाकूबाजी मामला: फरार आरोपी फैज खान पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित, एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार
रायगढ़। खरसिया बस स्टैंड के पास हुई मारपीट और चाकूबाजी की वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। सिविल लाइन खरसिया निवासी आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25) की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर किया था हमला
मामले के अनुसार, पुरानी बस्ती निवासी ममता ठाकुर ने 31 अक्टूबर को खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 31 अक्टूबर की दोपहर नया बस स्टैंड के पास ईशान पेशवानी, फैज खान और फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज व विवाद हो रहा था। ईशान ने फोन कर अपने परिचित अजय राजपूत को इसकी सूचना दी। अजय मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगा, तभी पुरानी रंजिश के चलते फैज खान और फहीम अख्तर ने उसे गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया।
भागते युवक को पकड़ा, फिर चाकू से किया वार
जान बचाने के लिए अजय वहां से भागा तो आरोपियों ने उसका पीछा किया। आरोप है कि फहीम अख्तर ने अजय को पकड़ लिया और फैज खान ने धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फहीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फैज खान अब भी फरार है।
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने फरार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद की गिरफ्तारी में मदद करने या पुख्ता सूचना देने वाले को 5 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इनाम को लेकर डीआईजी व एसएसपी का निर्णय अंतिम होगा।
इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना
आरोपी से जुड़ी कोई भी जानकारी होने पर नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक: 9479193200
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रायगढ़: 9479193201
SDOP, खरसिया: 9479193205
चौकी प्रभारी, खरसिया: 9479193228
पुलिस कंट्रोल रूम, रायगढ़: 9479193299





