रायपुर स्टेशन पर दो साल की मासूम की हत्या: बीमारी नहीं, जमीन पर पटकने से गई थी जान; सौतेला पिता हिरासत में
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
रायपुर स्टेशन पर दो साल की मासूम की हत्या: बीमारी नहीं, जमीन पर पटकने से गई थी जान; सौतेला पिता हिरासत में
रायपुर। राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जिसे पहले सामान्य बीमारी से हुई मौत माना जा रहा था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वह हत्या निकली। रेलवे जीआरपी ने इस मामले में बच्ची के 23 वर्षीय सौतेले पिता आकाश देवर (निवासी कुम्हारी, जिला दुर्ग) को हिरासत में लेकर हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
बीमारी का बहाना बनाकर मेकाहारा में कराया था भर्ती
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) लेकर पहुंचे थे। इलाज के दौरान उसी दिन दोपहर करीब 2 बजे बच्ची की मौत हो गई। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी से हुई मौत मानकर किसी ने संदेह नहीं किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पलटा पूरा मामला
बच्ची की मौत के बाद उसकी मां और अन्य परिजनों को हालात पर शक हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को लिखित आवेदन देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे बीमारी से मौत की बात खारिज हो गई।
जमीन पर पटकने से गई मासूम की जान
जीआरपी की जांच में सौतेले पिता आकाश देवर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि आरोपी ने गुस्से या अन्य कारण से मासूम को बेरहमी से जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं और उसकी जान चली गई।
क्या कहते हैं अधिकारी?
“बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। उसे जमीन पर पटकने से मौत होने की बात सामने आई है। दुष्कर्म की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। मामले में सौतेले पिता को हिरासत में लिया गया है। जीआरपी आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।”
— एसएन अख्तर, डीएसपी, रेलवे जीआरपी रायपुर





