कोंडागांव: कॉलेज मित्र ने युवती पर धारदार औजार से किया जानलेवा हमला, फिर खुद फांसी पर झूला

 कोंडागांव: कॉलेज मित्र ने युवती पर धारदार औजार से किया जानलेवा हमला, फिर खुद फांसी पर झूला

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

 

कोंडागांव: कॉलेज मित्र ने युवती पर धारदार औजार से किया जानलेवा हमला, फिर खुद फांसी पर झूला

कोंडागांव। जिले के गोलावंड गांव में गुरुवार को कॉलेज की दोस्ती का रिश्ता एक खौफनाक वारदात में बदल गया। एक युवक ने अपनी परिचित युवती पर धारदार औजार से जानलेवा हमला किया और उसे दुपट्टे के फंदे पर लटकाने की कोशिश की। लहूलुहान युवती किसी तरह जान बचाकर भागी और परिजनों को लेकर लौटी, तो आरोपी युवक घर के दूसरे कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर छोड़ने के बहाने ले गया था साथ

पुलिस को दिए बयान में घायल युवती भारती बघेल ने बताया कि कुकाड़गारकापाल निवासी लक्कीराम पोयाम (21) उसका कॉलेज मित्र था और दोनों पिछले दो-तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। गुरुवार को लक्कीराम ने भारती को कोंडागांव से घर छोड़ने की बात कही और अपने साथ गोलावंड ले गया। उस समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।

युवती के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद लक्कीराम ने पहले खाना बनाया और खुद खाया। इसके बाद जब भारती भोजन कर रही थी, तभी आरोपी ने पीछे से लकड़ी छीलने वाले धारदार औजार से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से युवती मौके पर ही बेहोश हो गई।

होश आने पर दिखाई हिम्मत, बचाई जान

बेहोशी की हालत में युवक उसे घर के पीछे बने कमरे में ले गया। वहां उसने युवती का मुंह दबाकर गला घोंटा और दुपट्टे से फंदे पर लटकाने का प्रयास किया। इसी बीच अचानक युवती को होश आ गया। उसने हिम्मत जुटाते हुए युवक को जोर से धक्का दिया और उसके चंगुल से छूटकर मदद के लिए बाहर भाग निकली।

दूसरे कमरे में फंदे पर लटका मिला आरोपी

जब घायल युवती अपने परिजनों को लेकर वापस घटनास्थल पर पहुंची, तो घर के अंदर दूसरे कमरे में लक्कीराम फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

युवक ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।