सरगुजा वासियों को बड़ी सौगात: अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान

**********************************

 

 

सरगुजा वासियों को बड़ी सौगात: अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) के बीच चलने वाली लोकप्रिय एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन उपलब्ध होगी। मंगलवार सुबह 7:30 बजे अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने इस द्वि-साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

ट्रेन का नया समय और शेड्यूल

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर मंडल) के अनुसार ट्रेन के फेरों में की गई बढ़ोतरी से राष्ट्रीय राजधानी जाने वाले यात्रियों को सीधी सहूलियत मिलेगी:

गाड़ी संख्या 22407 (अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन): अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को प्रातः 7:30 बजे अंबिकापुर से रवाना होगी।

गाड़ी संख्या 22408 (हजरत निजामुद्दीन से अंबिकापुर): अब प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात्रि 11:00 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी।

क्षेत्रीय विकास और यात्रियों के लिए मील का पत्थर

लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने पर सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में सिर्फ एक दिन ट्रेन होने के कारण सभी यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता था। अब दो दिन सेवा मिलने से पूरे सरगुजा संभाग सहित रायगढ़ और जशपुर के लोगों को भी आवागमन में आसानी होगी।

वहीं, महापौर मंजूषा भगत ने इसे क्षेत्र के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इस सीधी रेल सेवा से दिल्ली जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को विशेष रूप से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

उद्घाटन के अवसर पर रेलवे प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में डीसीएम एस. भारतीयन, सीनियर डीएन अहूजा, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, पार्षद आलोक दुबे, रविकांत उरांव, अरुणा सिंह सहित बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।