रायगढ़ में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश: 2 सगे और 1 चचेरे भाई गिरफ्तार, 3 लाख की 4 बाइक बरामद; चोरी की स्कूटी पर कर रहे थे रेकी
छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान
***********************************
रायगढ़ में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश: 2 सगे और 1 चचेरे भाई गिरफ्तार, 3 लाख की 4 बाइक बरामद; चोरी की स्कूटी पर कर रहे थे रेकी
रायगढ़/घरघोड़ा:रायगढ़ जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए घरघोड़ा पुलिस ने एक अंतरजिले चोर गिरोह को दबोचा है। पकड़ा गया गिरोह रिश्ते में भाइयों का है, जो चोरी की स्कूटी पर सवार होकर अगली वारदात के लिए रेकी कर रहा था। पुलिस ने इनके कब्जे से बुलेट और जुपिटर समेत कुल 4 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
शातिर दिमाग: मैकेनिक और ड्राइवर मिलकर बनाते थे योजना
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान मिलन दास महंत (30), उसके छोटे भाई हरिशंकर महंत (24) (निवासी पुसल्दा, छाल) और उनके बुआ के बेटे कन्हैया दास महंत (37) (निवासी डभरा, सक्ती) के रूप में हुई है। आरोपी हरिशंकर पेशे से बाइक मैकेनिक है, जबकि कन्हैया ड्राइवर का काम करता है। वाहनों की तकनीकी समझ होने के कारण तीनों ने मिलकर चोरी का सिंडिकेट तैयार किया था।
मास्टर चाबी और खुली गाड़ियों पर नजर
पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए:
18 सितंबर: घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा के घर के बाहर से चाबी लगी TVS जुपिटर स्कूटी उड़ाई।
मई 2026: बरभौना चौक (छाल) से एक NXG मोटरसाइकिल पार की।
तीन महीने पहले: घरघोड़ा के नवापारा चौक से चाबी लगी खड़ी एक बुलेट चोरी की।
दो महीने पहले: बोजिया (छाल) मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस चुराई।
चेकिंग के दौरान चढ़े हत्थे, ऐप से खुला दुर्ग कनेक्शन
18 सितंबर को स्कूटी चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया। घरघोड़ा में रूटीन वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ही स्कूटी पर सवार तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। जांच के दौरान बरामद बुलेट को जब ‘सशक्त मोबाइल ऐप’ से चेक किया गया, तो उसका कनेक्शन दुर्ग जिले के सुपेला थाने में दर्ज चोरी के केस से निकला।
घरघोड़ा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





