बालोद-धमतरी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, कंडक्टर की दर्दनाक मौत; कई घायल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************†***************†******

 

 

बालोद-धमतरी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, कंडक्टर की दर्दनाक मौत; कई घायल

बालोद। बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस संचालन ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम करहीभदर मोड़ पर पेट्रोल पंप के आगे नाले के पास यात्रियों से भरी डीआरडी कंपनी की एक बस (क्रमांक CG 04 JC 1253) अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस परिचालक (कंडक्टर) की मौके पर ही दबने से मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

बस के नीचे दबने से कंडक्टर की मौत, यात्रियों में मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, डीआरडी कंपनी की यह बस बालोद से 35 से अधिक यात्रियों को लेकर धमतरी की ओर जा रही थी। जैसे ही बस करहीभदर मोड़ के पास पहुँची, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले के पास पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के दौरान बस का परिचालक बस के नीचे ही बुरी तरह दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य, अस्पताल में इलाज जारी

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही बालोद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल बालोद और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें उच्च उपचार के लिए अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

क्षमता से अधिक सवारी और कंडम बस के संचालन पर उठे सवाल

इस भीषण हादसे ने यात्री बसों की संचालन व्यवस्था और फिटनेस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बस क्षमता से अधिक सवारियां ठूंस-ठूंस कर भरी गई थीं। इसके अलावा, जिस बस का संचालन किया जा रहा था, वह तकनीकी रूप से अनफिट और जर्जर (कंडम) स्थिति में थी।

चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार? पुलिस जांच में जुटी

हादसे के पीछे प्राथमिक तौर पर बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को वजह माना जा रहा है। हालांकि, बस अनियंत्रित कैसे हुई और दुर्घटना के सटीक कारण क्या थे, इसका पूरा खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा। बालोद पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।