रायगढ़ में दर्दनाक वारदात: चक्रधर समारोह देखने निकले 16 साल के नाबालिग की सिर कुचलकर हत्या, पुराने बस डिपो की झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
रायगढ़ में दर्दनाक वारदात: चक्रधर समारोह देखने निकले 16 साल के नाबालिग की सिर कुचलकर हत्या, पुराने बस डिपो की झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चक्रधर समारोह देखने की बात कहकर घर से निकले 16 वर्षीय नाबालिग धनुर्जय चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने बस डिपो की झाड़ियों में उसका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी ने किसी भारी पत्थर या वस्तु से वार कर नाबालिग का सिर पूरी तरह कुचल दिया था।
रातभर लापता रहा धनुर्जय
संजय मैदान क्षेत्र का रहने वाला धनुर्जय चौहान सोमवार की रात अपने परिवार से चक्रधर समारोह जाने की बात कहकर निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के अंदर एक युवक का शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान धनुर्जय के रूप में हुई। खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
खंडहर बना बस डिपो बना नशेड़ियों का अड्डा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुराना बस डिपो अब पूरी तरह खंडहर हो चुका है और चारों तरफ घनी झाड़ियां उग आई हैं। रात के अंधेरे में यहां अक्सर असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार रात नशे की हालत में किसी बात पर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
2-3 संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 से 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धनुर्जय आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और हत्या के पीछे की असल वजह क्या है।
फिलहाल पुलिस रंजिश, आपसी विवाद और नशाखोरी सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।





