भिलाई के सूर्या मॉल स्थित स्पा सेंटर में पुलिस की रेड: अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं, पर मालिक और युवतियों से भरवाया गया ‘बाउंड ओवर’
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
भिलाई के सूर्या मॉल स्थित स्पा सेंटर में पुलिस की रेड: अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं, पर मालिक और युवतियों से भरवाया गया ‘बाउंड ओवर’
दुर्ग।भिलाई के प्रसिद्ध सूर्या मॉल स्थित ‘सेंसेशन स्पा सेंटर’ में अवैध और अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम ने अचानक दबिश दी। हालांकि कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई भी अनैतिक कार्य करते हुए नहीं पाया गया। इसके बावजूद भविष्य में किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए स्पा सेंटर के संचालक और वहां मौजूद युवतियों से ‘बाउंड ओवर’ (मुचलका पाबंद) की वैधानिक कार्रवाई कराई है।
लाइट-पानी की सप्लाई बंद होने के बाद भी अंदर मौजूद थीं युवतियां
मॉल प्रबंधन के मुताबिक जिस जगह पर स्पा सेंटर संचालित हो रहा है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी (बिकी हुई संपत्ति) है। मॉल प्रशासन द्वारा वहां की बिजली और पानी की सप्लाई पहले ही बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद रेड के दौरान स्पा सेंटर के भीतर युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले, जिन्हें पुलिस की टीम ने तुरंत बाहर निकाला। पुलिस ने युवतियों की संलिप्तता की गहन जांच के बाद उन पर मुचलका पाबंद की कार्रवाई की, ताकि भविष्य में वे ऐसी किसी गतिविधि का हिस्सा न बनें।
नियम तोड़े तो होगी सीधी जेल: CSP निशांत पाठक
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने मामले की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी प्रकार के अवैध या अनैतिक कार्यों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल सेंसेशन स्पा सेंटर में किसी अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई है। शहर के ऐसे सभी संदिग्ध ठिकानों पर लगातार सरप्राइज चेकिंग और सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एएसपी (सिटी) शोभराज अग्रवाल के निर्देशों पर की गई। रेड मारने वाली पुलिस टीम में सीएसपी निशांत पाठक और डीएसपी (IUCAW) भारती मरकाम की विशेष टीम शामिल थी। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी भी दलबल के साथ मौके पर मौजूद रहे।





